होली के पावन अवसर पर खैरागढ़ में 142वां रक्तदान शिविर संपन्न, 37 युवाओं ने किया रक्तदान
राजनांदगांव/खैरागढ़ - होली के पावन अवसर पर सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए छात्र युवा मंच राजनांदगांव एवं बालाजी ब्लड बैंक राजनांदगांव के संयुक्त तत्वाधान में खैरागढ़ स्थित सुजल फिटनेस जिम में रक्तदान एवं ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, युवा उपसरपंच भागवत वर्मा तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनंतपुर (जिला कोंडागांव) में पदस्थ प्राचार्य दिलीप कोमरे के जन्मदिवस के अवसर पर समर्पित रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना एवं युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में कुल 37 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि समाज में सेवा और समर्पण की भावना निरंतर बढ़ रही है।
यह शिविर छात्र युवा मंच का 142वां रक्तदान शिविर रहा। विगत 13 वर्षों से मंच निरंतर समाजहित में रक्तदान जैसे सेवा कार्यों का आयोजन करता आ रहा है, जो राजनांदगांव क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
छात्र युवा मंच के संयोजक नागेश यदु (52 बार रक्तदान) ने शिविर की सफलता का श्रेय मंच के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को देते हुए कहा कि सेवा कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
शिविर प्रभारी एवं शहर अध्यक्ष छात्र युवा मंच साहिल जंघेल तथा सुजल फिटनेस जिम के संस्थापक सुजल महोबे ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने की बात कही।
इस अवसर पर दिग्विजय कॉलेज अध्यक्ष बालकृष्ण कोमरे ने अपने पिता दिलीप कोमरे जी के जन्मदिवस पर 21 वर्ष की आयु में अपना पहला रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और रक्तदान से जहां जरूरतमंद को जीवन मिलता है, वहीं दान करने वाले को भी स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होता है।
शिविर में बालाजी ब्लड बैंक के संचालक धनेश जंघेल, युवा ग्रुप संस्था छुईखदान के शरद वैष्णव, शिक्षक राधेश्याम जंघेल, दिग्विजय कॉलेज उपाध्यक्ष गितेश देवांगन सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
होली के रंगों के बीच मानवता का यह रंग समाज में सेवा, समर्पण और जागरूकता का संदेश देकर गया। छात्र युवा मंच का यह प्रयास क्षेत्र में प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
