चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारी को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक, स्वास्थ्य, सुरक्षा और व्यवस्था पर दिए आवश्यक निर्देश
राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में 19 मार्च 2026 से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल तथा पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान दूर-दराज से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को समन्वित तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने मेले के दौरान पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, सुरक्षा और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे तथा सेवा पंडालों में श्रद्धालुओं और पदयात्रियों के लिए विश्राम, चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था सुचारू रूप से की जाए। साथ ही अंजोरा से अछोली तक सेवा पंडाल लगाने के भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा विभाग को पर्याप्त मात्रा में ओआरएस घोल, दवाइयां तथा मरहम-पट्टी की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि डोंगरगढ़ के ऊपर और नीचे मंदिर परिसर में डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ आवश्यक दवाइयों के साथ तैनात रहेंगे। मेले की संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।
बैठक में डोंगरगढ़ शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने तथा मंदिर परिसर और सीढ़ियों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा पार्किंग, यातायात व्यवस्था, रोपवे फिटनेस सर्टिफिकेट और खाद्य सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर, मेला स्थल और अन्य प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे क्षेत्र की सतत निगरानी की जाएगी तथा क्विक रिस्पांस टीम भी सक्रिय रहेगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक और अस्थायी गति अवरोधक लगाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीओपी केसरी नंदन नायक, मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनील गट्टानी, ट्रस्टीगण तथा नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ के अध्यक्ष रमन डोंगरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सेवा पंडाल संचालक उपस्थित थे।
📌 इसे भी पढ़ें
